राजरूपपुर में तीन ट्रांसफॉर्मर फुंके, दो हज़ार घरों की जलापूर्ति ठप

 *


राजरूपपुर में तीन ट्रांसफॉर्मर फुंके, दो हज़ार घरों की जलापूर्ति ठप **


सुभाष तिवारी लखनऊ


प्रयागराज। राजरूपपुर क्षेत्र में एक साथ तीन ट्रांसफॉर्मर फुंक जाने से यहां के दो हजार से अधिक परिवारों के लिए पेयजल संकट खड़ा हो गया है। पारा 46 पार पहुंचने के कारण लोग परेशान हो गए हैं।


क्षेत्र में पार्षद आवास व सरस्वती शिशु मंदिर के पास 630-630 केवीए के ट्रांसफॉर्मर में शुक्रवार रात आग लग गई। वहीं एक मिष्ठान भंडार के पास 400 केवीए का ट्रांसफॉर्मर भी फुंक गया।


बड़े ट्रांसफॉर्मरों की आग बुझाने के लिए फायर ब्रिगेड को बुलाया गया। पार्षद अखिलेश सिंह ने बताया कि सरस्वती शिशु मंदिर के पास ट्रांसफॉर्मर पूरी तरह जल गया। दूसरे ट्रांसफॉर्मर की केबिल जल गई है।


दो बड़े ट्रांसफॉर्मरों से बिजली आपूर्ति ठप होने के कारण क्षेत्र के तीन नलकूपों से जलापूर्ति रुक गई। इससे लगभग दो हजार घरों को सुबह पानी नहीं मिला। मिष्ठान भंडार के पास भी लगभग 300 घरों की जलापूर्ति प्रभावित हुई। लोगों को पानी उपलब्ध कराने के लिए जलकल विभाग ने सुबह टैंकर भेजे हैं।

टिप्पणियाँ