आजमगढ़ से बड़ी खबर : शराब पीने से 10 लोगों की मौत, शासन ने 3 अधिकारियों को किया सस्पेंड, थानाध्यक्ष पर लटकी कार्रवाई की तलवार -

 *आजमगढ़ से बड़ी खबर : शराब पीने से 10 लोगों की मौत, शासन ने 3 अधिकारियों को किया सस्पेंड, थानाध्यक्ष पर लटकी कार्रवाई की तलवार -


*सुभाष तिवारी लखनऊ


आजमगढ़ ,उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले में देसी शराब पीने से 10 लोगों की मौत हो गई है। इस घटना के बाद पूरे इलाके में मातम छा गया है। वहीं, देसी शराब पीने से कुछ लोगों की हालत गंभीर बनी हुई है। जिनको इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। इस मामले में अभी तक 3 अधिकारी सस्पेंड कर दिए गए हैं। थानाध्यक्ष पर भी एक्शन लेने की तैयारी की जा रही है। इस मामले में पुलिस ने दुकान के दो सेल्समैन को भी गिरफ्तार किया है।


*अभी तक 10 लोगों की मौत*


यह मामला आजमगढ़ जनपद के फूलपुर तहसील के माहुल नगर पंचायत इलाके का है। यहां पर एक देसी शराब की सरकारी दुकान है। इस देसी शराब की सरकारी दुकान से ग्रामीणों ने रविवार को शराब खरीदी थी। उन्होंने रविवार की देर रात को शराब पी और सोमवार की सुबह उनकी हालत खराब हो गई। सभी के परिजनों ने उनको अस्पताल में भर्ती करवाया। जहां पर एक-एक करके अभी तक 10 लोगों की मौत हो चुकी है और अस्पताल में 15 लोग भर्ती हैं। जिन का इलाज किया जा रहा है। इन सभी 15 लोगों की हालत भी नाजुक बनी हुई है। इसके अलावा देसी शराब पीने से कुछ लोगों की आंखों की रोशनी भी चली गई है।


*गैंगस्टर के तहत होगी कार्रवाई*


आजमगढ़ के जिलाधिकारी डीएम अमृत त्रिपाठी ने बताया कि थानाध्यक्ष के खिलाफ कार्यवाही के लिये शासन को संस्तुति भेजी गई है। इस मामले में दुकान के दो सेल्समैन को गिरफ्तार कर लिया गया है और दुकान का लाइसेंस जिसके नाम पर है, उसे गिरफ्तार करने का प्रयास जारी है। जिलाधिकारी ने बताया कि जो भी लोग इस अवैध कृत्य में संलिप्त होंगे, उन पर राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (रासुका) और गैंगस्टर कानून के तहत कार्यवाही की जाएगी और उनकी संपत्ति भी जब्त की जायेगी।


*यह 3 अफसर हुए सस्पेंड*


इस मामले में लखनऊ में अपर मुख्य सचिव (आबकारी) संजय भूसरेड्डी ने बताया कि आबकारी विभाग के आजमगढ़ में निरीक्षक नीरज सिंह, सुमन कुमार पाण्डेय (आबकारी आरक्षक) और राजेंद्र प्रताप सिंह (आबकारी आरक्षक) को सस्पेंड किया गया है। इन सभी के खिलाफ विभागीय जांच भी शुरू की जाएगी।

टिप्पणियाँ