प्रदेश के विकास के लिए हो रहा अभूतपूर्व काम ः गहलोत

 प्रदेश के विकास के लिए हो रहा अभूतपूर्व काम  ः गहलोत



मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कातर छोटी में किया प्रशासन गांवों के संग अभियान शिविर का अवलोकन, उप तहसील का शुभारंभ, शिक्षा राज्य मंत्री गोविंद डोटासरा, प्रभारी मंत्री भंवर सिंह भाटी, विधायक मनोज मेघवाल सहित अधिकारी, जनप्रतिनिधि रहे मौजूद


चूरू, 29 अक्टूबर। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा है कि राज्य सरकार आमजन की समस्याओं के प्रति संवेदनशील है तथा लोगों की समस्याओं के त्वरित समाधान व उन्हें सरकारी कल्याणकारी योजनाओं का आसानी से लाभ दिलाने के लिए प्रशासन गांवों के संग अभियान शुरू किया गया है। खुशी है कि लोगों को इन शिविरों का भरपूर लाभ मिल रहा है।


मुख्यमंत्री शुक्रवार को जिले के सुजानगढ़ विधानसभा क्षेत्र के कातर छोटी ग्राम पंचायत मुख्यालय पर प्रशासन गांवों के संग अभियान अंतर्गत लगे शिविर के अवलोकन के बाद ग्रामीणों को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि गांव के निर्धन, जरूरतमंद व्यक्ति को दफ्तरों के चक्कर नहीं लगाने पड़ें तथा उसे आसानी से विभिन्न योजनाओं का लाभ मिले, यही इस अभियान का उद्देश्य है। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि ग्रामीणों को शिविरों का अधिकतम लाभ दें और ज्यादा से ज्यादा लोगों को लाभान्वित करें।


मुख्यमंत्री ने कहा कि रीट परीक्षा के दौरान राज्य में शानदार प्रबंधन किया गया और दूसरे राज्यों से परीक्षा देने आए अभ्यर्थियों, परिजनों ने भी स्वीकार किया कि किसी भी सरकार की ओर से इस तरह की व्यवस्था हमने पहले कभी नहीं देखी। गहलोत ने कहा कि हमने राज्य सरकार के इस कार्यकाल में एक लाख लोगों को नौकरी दी है। 77 हजार की भर्ती प्रक्रिया चल रही है। राज्य सरकार के गठन के साथ ही लोगों की सामाजिक सुरक्षा पेंशन में इजाफा किया। मुख्यमंत्री गहलोत ने कहा कि राज्य के सर्वांगीण विकास के लिए पानी, बिजली, शिक्षा, चिकित्सा सहित हर क्षेत्र में भरपूर काम हो रहा है। राजस्थान में अंग्रेजी माध्यम के सरकारी स्कूल खोले गए हैं और इन स्कूलों की लोकप्रियता ऎसी है कि इनमें प्रवेश के लिए लॉटरी खोलनी पड़ रही है। प्रतिस्पर्धा के इस दौरान में टिकने के लिए अंग्रेजी भी बेहद जरूरी है। अब इंग्लिश के बिना काम नहीं चल सकता है। उन्होेंेने कहा कि राज्य सरकार ने 123 सरकारी कॉलेज खोले हैं और जिस भी स्कूल में 500 बालिकाएं होंगी, वहां कॉलेज स्वीकृत कर दिया जाएगा। उन्होंने ग्रामीणों से कहा कि यदि किसी भी क्षेत्र में कॉलेज खुलवाना है तो सरकारी स्कूलों में अधिक से अधिक बालिकाओं का प्रवेश कराएं। शिक्षा राज्य मंत्री डोटासरा के ध्यानाकर्षण पर उन्होंने कातर के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में विज्ञान संकाय खोलने की घोषणा की। सुजानगढ़ विधायक मनोज मेघवाल की सराहना करते हुए कहा कि इनमें कुछ कर गुजरने की तमन्ना है। मुझे पूरा विश्वास है कि ये सुजानगढ़ की जनता को निराश नही करेंगे। यहां की जनता की जो भावनाएं ये मेरे पास लेकर आएंगे, उसके आधार पर अधिक से अधिक काम करने की कोशिश करूंगा।


 


राज्य की चिकित्सा व्यवस्था हुई सुदृढ़


मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी के सहयोग से राजस्थान ने कोरोना का शानदार प्रबंधन किया और कोरोना के दौरान बड़ी संख्या में दूसरे राज्यों के मरीजों का यहां इलाज हुआ। 40-40 हजार रुपए की तक की कीमत के इंजेक्शन आमजन को निःशुल्क लगाए गए। राज्य सरकार ने ऑक्सीजन और दवाओं के लिए सतत प्रयास कर व्यवस्थाएं सुचारू कीं। प्रदेश की चिकित्सा व्यवस्थाएं सुदृढ़ हुई हैं और आज भी दूसरे राज्यों के मरीज यहां चिकित्सा के लिए आ रहे हैं। उन्होेंने कहा कि कोरोना के मरीजों की संख्या अभी कम हुई लेकिन खतरा पूरी तरह टला नहीं है। लंदन, मास्को में बैड नहीं मिल रहे हैं। कई देशों में तकलीफ वापस बढ़ रही है। ऎसे में सावचेत रहने की जरूरत है।  इसे देखते हुए राज्य सरकार ने मुख्यमंत्री चिरंजीवी स्वास्थ्य बीमा योजना शुरू की है, जिसमें गरीबों का पांच लाख रुपए का इलाज मुफ्त किया जा रहा है। शेष लोग भी  सिर्फ 850 रुपए में पांच लाख रुपए का स्वास्थ्य बीमा का लाभ उठा सकते हैं। इसके लिए राज्य सरकार ने 3500 करोड़ रुपए खर्च किए हैं। आम जनता को जागरुक रहकर सरकारी योजनाओं का लाभ उठाना चाहिए।


 


सौर ऊर्जा को मिलेगा प्रोत्साहन


मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले दिनों कोयले की कमी के कारण बिजली का संकट रहा। बिजली के संकट से बचने के लिए सौर ऊर्जा को प्रमोट करने की तरफ ध्यान दिया जा रहा है। जोधपुर, बीकानेर, बाप आदि स्थानों पर सौर ऊर्जा के संयत्र लगा रहे हैं। रात में बिजली सप्लाई के कारण किसानों को सिंचाई में अनेक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है, इसलिए हम कोशिश कर रहे हैं किसानों को सिंचाई के लिए दिन में बिजली आपूर्ति हो। उन्होंने पंचायती राज में महिला आरक्षण का जिक्र करते हुए कहा कि जो मुल्क महिलाओं का ध्यान रखता है, वह बहुत तेज गति से आगे बढ़ता है। उन्होंने कहा कि महिलाएं पूरे परिवार का ध्यान रखती हैं, उन्हें हमें आगे बढाना चाहिए।


 


राज्य में अलग कृषि बजट


शिक्षा राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गोविंद डोटासरा ने कहा कि राज्य सरकार बहुत ही संवेदनशीलता के साथ हर वर्ग के कल्याण के लिए काम कर रही है। कृषि क्षेत्र के विकास और किसान कल्याण के लिए राज्य में अलग से कृषि बजट जारी होगा, जो देश में आज तक कहीं भी नहीं हुआ। राज्य सरकार ने वादे के मुताबिक किसानों का कर्ज माफ किया। युवाओं को बड़ी संख्या में नौकरियां दी जा रही हैं। कृषि बिलों में सालाना 12 हजार रुपए की छूट का प्रावधान किया गया है। कार्यक्रम का संचालन करते हुए उच्च शिक्षा राज्य मंत्री तथा जिला प्रभारी भंवर सिंह भाटी ने जिले में हुए विकास कार्यों की चर्चा की और कहा कि मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के नेतृत्व में राजस्थान तेजी से प्रगति के पथ पर अग्रसर हो रहा है ।


 


सुजानगढ़ विकास में अग्रणी

सुरैशसैनी

सुजानगढ़ विधायक मनोज मेघवाल ने धन्यवाद देते हुए विधानसभा क्षेत्र में किए गए विकास कार्यों के बारे में बताया और कहा कि मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के आर्शीवाद के कारण सुजानगढ़ विकास में अग्रणी है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के लोगों को प्रशासन गांवों के संग शिविरों का समुचित लाभ मिल रहा है। कार्यक्रम के आरंभ में मुख्यमंत्री ने पूर्व जिला प्रमुख बनारसी मेघवाल की प्रथम पुण्यतिथि पर उनके चित्र के समय पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।


 


कातर छोटी पहुंचने पर की अगवानी


इससे पहले मुख्यमंत्री के कातर छोटी पहुंचने पर जिला कलक्टर साँवर मल वर्मा, एसपी नारायण टोगस, विधायक मनोज मेघवाल, विधायक नरेंद्र बुडानिया आदि ने उनकी अगवानी की। जिला कलक्टर ने उन्हें जिले में प्रशासन गांवों के संग अभियान अंतर्गत चल रहे शिविरों की प्रगति के बारे में बताया।  उन्होंने लोगों की समस्याएं सुनीं और उनसे संवाद कर राज्य सरकार की योजनाओ के बारे में फीडबैक लिया।


 


उप तहसील भवन बनाने की घोषणा


मुख्यमंत्री गहलोत और शिक्षा राज्य मंत्री गोविंद डोटासरा ने इस दौरान उप तहसील का शुभारंभ किया। गहलोत ने कहा कि उप तहसील खुलने से यहां के लोगों को इसका लाभ मिलेगा। उन्होंने उप तहसील भवन के लिए भूमि दान करने वाले दिलीप सिंह की सराहना की औेर कहा कि शीघ्र ही उप तहसील का भवन बनवा दिया जाएगा।


 


बालिकाओं से कटवाया केक


इस दौरान महिला अधिकारी विभाग की बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ योजना में बालिका जन्मोत्सव मनाया गया। मुख्यमंत्री गहलोत ने बालिकाओं से केक कटवाया। 6 माह की बालिका अन्नप्राशन कराया गया। आईसीडीएस उपनिदेशक सीमा सोनगरा और महिला अधिकारिता विभाग के सहायक निदेशक संजय कुमार ने इस बारे में जानकारी दी। उप वन संरक्षक राकेश दुलार से उन्होंने घर-घर औषधि योजना के बारे में फीडबैक लिया और समुचित क्रियान्वयन पर संतोष जताया। मुख्यमंत्री ने विभिन्न विभागों की ओर से लगाए गए काउंटरों का निरीक्षण किया और अधिकारियों-कर्मचारियों से दिए जा रहे लाभ के बारे में जानकारी ली।


 


अधिकारी, जनप्रतिनिधि रहे मौजूद


इस दौरान संभागीय आयुक्त बीएल मेहरा, एसपी नारायण टोगस, पूर्व मंत्री हमीदा बेगम, शिविर प्रभारी सुजानगढ़ एडीएम डॉ नरेंद्र चौधरी, सीईओ रामनिवास जाट, पूर्व प्रधान पूसाराम गोदारा, गोपालपुरा सरपंच सविता राठी,  बीडीओ हरिराम चौहान, बीडीओ मदन लाल बैरवा, पूर्व जिला प्रमुख भंवर लाल पुजारी, नसीम अख्तर, पूर्व विधायक सोनादेवी बावरी, एसडीएम श्योराम वर्मा, सुजानगढ़ एसडीएम मूलचंद लूणिया, डीवाईएसपी रामप्रताप, रेहाना रियाज, आसाराम सैनी, रफीक मंडेलिया, चूरू सभापति पायल सैनी, इरशाद मंडेलिया, रियाजत खान, राधेश्याम चोटिया, जमील चौहान, सरपंच ग्यारसी देवी, अमित मारोठिया सहित बड़ी संख्या में अधिकारी, जनप्रतिनिधि, कर्मचारी, ग्रामीण मौजूद थे।

टिप्पणियाँ