भगवान् की आराधना में ही जीवन का निहित है पुण्य-स्वामी अशोकानंद जी
सुभाष तिवारी लखनऊ
फोटो-
भागवत कथा सुनाते व्यास अशोकानंद जी
लालगंज, प्रतापगढ़। क्षेत्र के बेलहा गांव में हो रही श्रीमदभागवत कथा ज्ञानयज्ञ मे बुधवार को श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जुटी दिखी। कथाव्यास स्वामी अशोकानंद महाराज ने श्रद्धालुओं को श्रीकृष्ण भगवान के छप्पन भोग गोवर्धन पूजा के महत्व को बताया। वहीं श्रद्धालुओं द्वारा कथा श्रवण के बीच भगवान गोवर्धन का पूजन भी किया गया। कथाव्यास जी ने कहा कि भगवान की कृपा से ही संसार का संचालन हुआ करता है। उन्होनें कहा कि भगवान् श्रीकृष्ण जी की आराधना मे ही मनुष्य को दुःख और संताप से मुक्ति मिला करती है। उन्होनें कहा कि भगवान ने मानव पीड़ा हरने के लिए अपने लोकावतार मे लीला के जरिए मनुष्य को सत्य मार्ग पर चलने का बोध कराया है। स्वामी अशोकानंद जी ने कहा कि धर्म की रक्षा के लिए भगवान् श्रीकृष्ण का अवतार हमें शाश्वत संदेश दिया करता है। कथा के संयोजक डा. एनके श्रीवास्तव व सुनीता श्रीवास्तव ने कथाव्यास का अभिषेक किया। वहीं सह संयोजक आलोक श्रीवास्तव, स्मृति, अनुरागी, अभिषेक व दीपेश ने प्रसाद वितरण का प्रबन्धन किया। इस मौके पर संजय सिंह, सुमित त्रिपाठी, रामविशाल मिश्र, आचार्य शिवाकांत द्विवेदी आदि रहे।
अपहरण का आरोप, दी तहरीर
लालगंज, प्रतापगढ़। सांगीपुर थाना के पूरे गोविंदराम निवासी नन्हेंलाल वर्मा पुत्र गयादीन ने दी गई तहरीर मे कहा है कि सोलह अक्टूबर को शाम साढे सात बजे उदयपुर थाना के राहाटीकर निवासी शाहिद उर्फ पिंकू पुत्र सिददीअली बाइक से उसके घर आ धमका। आरोपी शाहिद ने उसकी सत्रह वर्षीया पुत्री मोहिनी को बहलाफुसला कर भगा ले गया। तहरीर मे कहा गया है कि पीड़ित की छोटी पुत्री मेनिका ने शोर मचाया तो आरोपी बाइक से उसकी पुत्री को लेकर भाग निकला। पीड़ित ने पुत्री के साथ अप्रिय घटना की भी आशंका जताई है।
संचारी रोग नियंत्रण पर जागरूकता अभियान
लालगंज, प्रतापगढ़। संचारी रोग नियंत्रण अभियान के तहत बुधवार को बेलहा तथा तारापुर गांव मे जागरूकता अभियान चलाया गया। स्वास्थ्य टीम ने गांवो मे रोगों से बचाव के लिए कीटनाशक दवाओं का छिडकाव भी किया। चिकित्साधीक्षक डा. अरविंद गुप्ता ने लोगों से घर तथा आसपास साफ सफाई के वातावरण पर भी जोर दिया। अभियान मे स्वास्थ्यकर्मी रवि तिवारी तथा आरबी यादव, एएनएम शीलम पाण्डेय व मंजू साहू ने घर घर पहुंचकर संचारी रोग नियंत्रण से बचाव की सावधानियों के गुर बताये।